चंदौली एक माह में बढ़ी हत्या और बलात्कार की घटनाएं...
एक माह में बढ़ी हत्या और बलात्कार की घटनाएं…
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल चंदौली
कांग्रेस का हल्लाबोल, एसपी का मांगा इस्तीफा, कहा एक माह में बढ़ी हत्या और बलात्कार की घटनाएं…
चंदौली में बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते जघन्य अपराधों के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कमेटी ने जिला मुख्यालय पर विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस अध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोंकझोंक भी हुई।
विरोध मार्च को पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया, जिसके बाद यह धरना-प्रदर्शन में बदल गया। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिले की कानून व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त बताया।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह 'मुन्ना' ने कहा कि चंदौली में जघन्य अपराधों की संख्या चिंताजनक रूप से बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के महीनों में रोहिताश पाल सहित एक दर्जन से अधिक हत्याएं हुई हैं।
इसके अलावा, एक विक्षिप्त महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का प्रयास और एक छह वर्षीय बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म व हत्या जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं। उन्होंने इन घटनाओं के लिए पुलिस अधीक्षक सहित पूरे पुलिस महकमे की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि अपराधियों ने चंदौली को अपना गढ़ बना लिया है और पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के थाने न्याय दिलाने के बजाय धन उगाही का माध्यम बनते जा रहे हैं।
द्विवेदी ने यह भी आरोप लगाया कि अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते वे बेखौफ होकर जघन्य अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर अपराधी और सत्ता के गठजोड़ से अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक के इस्तीफे की मांग की और कहा कि पुलिस को कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग करने के बजाय अपराधियों पर लगाम लगानी चाहिए। कांग्रेस ने कहा कि वह अपराध से मुक्ति दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी। इस दौरान माधवेंद्र मूर्ति ओझा भी मौजूद रहे।मधु राय, गंगा प्रसाद, सतीश
बिंद, रामा नंद यादव, नवीन पाण्डेय दिलीप यादव,
श्रीकांत पाठक, अनिल श्रीवास्तव, राकेश सिंह, राकेश पाठक राजकिशोर सिंह, असगर अली
सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Login to leave a comment.